Skip to content

बाणसागर से विस्थापित, विजयराघवगढ़ क्षेत्र में आबादी की भूमि में आवास की मांग को लेकर दलित-आदिवासी महासभा ने सौंपा ज्ञापन

कटनी : राष्ट्रीय दलित आदिवासी महासभा के नेतृत्व में इटौरा क्षेत्र के भूमिहीन और गरीब परिवारों ने आवास हेतु जमीन आवंटित किए जाने की मांग को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और कलेक्टर कटनी को संबोधित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त क्षेत्र के निवासी लंबे समय से बाणसागर तालाब के किनारे रह रहे हैं। बरसात के दौरान उनके घरों में पानी भर जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भूमिहीन होने के कारण उनके पास स्थायी आवास की सुविधा नहीं है, जिसके चलते वे अत्यंत दयनीय परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रीवा बाणसागर परियोजना के निर्माण के समय उन्हें उनकी जमीन से बेदखल कर दिया गया था, लेकिन आज तक उन्हें वैकल्पिक भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके चलते प्रभावित परिवार वर्षों से दर-दर भटक रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि भूमिहीन मजदूर परिवारों को आवास हेतु खाली पड़ी सरकारी भूमि आवंटित की जाए। ग्रामीणों ने विशेष रूप से ग्राम पिपरा, ग्राम चौर कनैरा, तहसील विजयराघवगढ़, जिला कटनी में खाली पड़ी आबादी की शासकीय भूमि आवास हेतु उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस दौरान नंदलाल कोल, धूप सिंह गोंड, अम्बेश कोल, कोल गुरु जुर्रुआ चौधरी और बदली चौधरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ज्ञापन में प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही कर न्याय दिलाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *