कटनी की युवती का शव दमोह के तालाब में मिला, प्रेम विवाह के बाद मौत से उठे सवाल

कटनी/दमोह। कटनी जिले की 20 वर्षीय युवती का शव दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई है। युवती पिछले तीन दिनों से लापता थी। परिजनों ने प्रेम विवाह के बाद उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कटनी के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बबली टोला निवासी सत्या निषाद तीन दिन पहले अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। इसी दौरान युवती के भाई के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कुछ तस्वीरें भेजी गईं, जिनमें सत्या एक युवक के साथ दिखाई दे रही थी। परिजनों का दावा है कि तस्वीरों से प्रतीत हो रहा था कि दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया है।
बताया जा रहा है कि तस्वीरों में दिखाई दे रहे युवक की पहचान दमोह निवासी अनमोल मोड़ा के रूप में की गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने युवती से बात कराने की मांग की थी, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें दमोह पुलिस से सूचना मिली कि सत्या का शव एक तालाब में बरामद हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन दमोह पहुंचे और युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई। उनका कहना है कि मृतका के चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंका गया।
हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल कटनी और दमोह पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
प्रमुख बिंदु
कटनी की 20 वर्षीय युवती तीन दिन से थी लापता
भाई के मोबाइल पर आईं कथित विवाह की तस्वीरें
दमोह के तालाब में मिला युवती का शव
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *