
कटनी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। जिला रोजगार कार्यालय कटनी द्वारा 25 जून 2026 को शासकीय आईटीआई कटनी में “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला” आयोजित किया जा रहा है। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को रोजगार के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार यह आयोजन 25 जून, गुरुवार को सुबह 10 बजे से शासकीय आईटीआई, रोशन नगर, एनकेजे, कटनी में होगा। मेले में एचडीएफसी लाइफ, एलआईसी, अदाणी ग्रुप, मदरसन सुमी, ट्राइडेंट इंडिया, श्याम लाइफ इंश्योरेंस, सहयोग बैंक सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
मेले के माध्यम से मशीन ऑपरेटर, वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, सेल्स ऑफिसर, टेली कॉलिंग, सुरक्षा गार्ड, रिसेप्शनिस्ट, ट्रेनर एवं अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोजन में कुल 1231 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
रोजगार कार्यालय के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता वाले अभ्यर्थी मेले में शामिल हो सकते हैं। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा साथ लाना होगा।
अधिकारियों ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से मेले में पहुंचकर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
प्रमुख बातें
25 जून को शासकीय आईटीआई कटनी में होगा आयोजन
सुबह 10 बजे से शुरू होगा युवा संगम मेला
20 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा
1231 रिक्त पदों पर होगी भर्ती
रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध।
