कटनी में आयकर अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गेस्ट हाउस के कमरे में मिले थे अचेत।

कटनी। आयकर विभाग के अधिकारी मानवेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारी आयकर कार्यालय के समीप स्थित कॉलोनी के गेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर विभागीय कर्मचारी उन्हें देखने पहुंचा। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अधिकारियों को सूचना दी गई।इसके बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर मानवेंद्र सिंह बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।रात तक मित्रों से हुई थी बातचीतप्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मानवेंद्र सिंह बुधवार रात करीब 10 बजे तक अपने मित्रों से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने भोजन किया और अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर कर्मचारियों को चिंता हुई और घटना की जानकारी सामने आई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की पंचनामा कार्यवाहीघटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्यवाही की। पुलिस के अनुसार कमरे से फिलहाल कोई ऐसी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे मौत की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष निकाला जा सके।प्रारंभिक चिकित्सकीय अनुमान में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमार्टममृतक अधिकारी के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। परिजनों के शुक्रवार सुबह कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। अधिकारी की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े किए हैं, हालांकि किसी भी तरह की अनहोनी या आपराधिक घटना की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *