हरियाली तीज पर मातृशक्तियों को तिरंगा भेंट कर किया सम्मान, पौधारोपण का दिया संदेश

कटनी। हरियाली तीज आनंद उत्सव के अवसर पर सामाजिक संस्था सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति मध्यप्रदेश कटनी द्वारा जागृति पार्क में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मातृशक्तियों और बेटियों को तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शासकीय शिक्षिका डॉ. उर्मिला साई प्रीत रहीं, जबकि अध्यक्षता श्रीमती ऊषा बर्मन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जुहली आशा कार्यकर्ता श्रीमती रीता दुबे, अधिवक्ता मीरा अहिरवार, श्रीमती सुनीता सोनी, समाजसेवी श्रीमती अनामिका सतनामी सहित अन्य मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पीपल, बरगद, नीम और अशोक सहित विभिन्न पौधों के पौधारोपण से हुई। इसके बाद हरियाली तीज आनंद उत्सव के तहत विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों, मनोरंजक गेम्स, अंताक्षरी एवं देशभक्ति गीतों का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों पर नृत्य-गान मंडल की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अनोखी पहल करते हुए सभी मातृशक्तियों एवं बेटियों को देश की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मां वसुंधरा को हरा-भरा बनाने के साथ ही देश और समाज के लिए अच्छे कार्य करने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां हमारे प्रयासों को याद रखें।कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी श्रीमती लक्ष्मी रजक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित मातृशक्तियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में नटखट बच्चों की टीम की भव्या चौधरी, पूजा सिंह, लवली मार्को, संयोगिता सिंह, जागेंद्र चौधरी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं समाजसेवियों की गरिमामय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *