20 पेटी अवैध देशी शराब के साथ अर्टिगा कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार

कटनी। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 20 पेटी देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त अर्टिगा कार को भी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 7 लाख 98 हजार 500 रुपए बताई गई है।पुलिस के अनुसार बिलहरी चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की अर्टिगा कार क्रमांक MP 21 CA 6921 से अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 17 पेटी लाल मसाला देशी शराब और 3 पेटी सफेद प्लेन देशी शराब, कुल 20 पेटी बरामद हुई।पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की तो उसकी पहचान यश काछी, पिता पप्पू काछी, उम्र 25 वर्ष, निवासी भट्टा मोहल्ला रंगनाथ, जिला कटनी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब परिवहन के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने मौके पर गवाहों की मौजूदगी में करीब 98 हजार 500 रुपए कीमत की देशी शराब तथा करीब 7 लाख रुपए कीमत की मारुति सुजुकी अर्टिगा कार जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका। उक्त कार्यवाही में बिलहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवीन नामदेव, प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा, अखिलेश दीक्षित, आरक्षक उमाकांत तिवारी, लव उपाध्याय, सौरभ जैन तथा सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *