“ग्राम पंचायत कन्हवारा में सीसी रोड निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, जिला पंचायत सीईओ से जांच की मांग”

कटनी जिले की ग्राम पंचायत कन्हवारा में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। जिला पंचायत सीईओ को सौंपे गए शिकायत पत्र में पंचायत सचिव पर अधूरा निर्माण, शासकीय सामग्री के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत कन्हवारा के वार्ड क्रमांक 6 (छेहरा) में लगभग एक किलोमीटर सीसी रोड निर्माण के लिए रेत और गिट्टी डाली गई थी, लेकिन करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। आरोप है कि बारिश के मौसम में सड़क अधूरी होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण के लिए लाई गई रेत और गिट्टी का उपयोग निर्धारित कार्य में नहीं किया गया, बल्कि उसे अन्य कार्यों में इस्तेमाल करने की तैयारी की जा रही है। शिकायतकर्ता ने इसे शासकीय सामग्री के दुरुपयोग और गबन का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।शिकायत पत्र में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है कि जिस स्थान पर नई नाली का निर्माण कराया जा रहा है, वहां लगभग छह वर्ष पहले ही नाली का निर्माण हो चुका था। ऐसे में पुरानी नाली के ऊपर दोबारा निर्माण कराकर शासकीय राशि के दुरुपयोग और फर्जी कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।इसके अलावा शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत सचिव द्वारा निर्माण कार्यों का पूरा ब्यौरा भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। शिकायत जिला पंचायत सीईओ को सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की गई है।फिलहाल यह शिकायत जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के पास पहुंच चुकी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *