रामनवमी महोत्सव को लेकर निकली जागरूकता वाहन रैली, हिंदू एकता का दिया संदेश

कटनी : आगामी 28 मार्च को आयोजित होने वाले रामनवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में भव्य जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया।
रैली की शुरुआत शिवाजीनगर गली नंबर 17 से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः शिवाजीनगर में आकर संपन्न हुई।
रैली शिवाजीनगर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, रविदास तिराहा, रामनगर, बालाजीनगर और शिवनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने रैली का भव्य स्वागत किया। इस दौरान रैली में शामिल लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना दिया।
रैली का मुख्य उद्देश्य रामनवमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर्व के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हिंदू एकता का संदेश देना रहा। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में धार्मिक जागरूकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
रैली के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने उत्साहपूर्वक इस रैली में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *