
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओपी वीरेंद्र धारवे के नेतृत्व में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे और पुलिस बल ने होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों तथा संवेदनशील इलाकों में व्यापक जांच की। इस दौरान पैदल पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक हिदायतें भी दी गईं।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना था। पुलिस टीम ने होटल-ढाबों, बस स्टैंड, बाजार और उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी, जहां संदिग्ध व्यक्तियों के आने-जाने की सूचना मिलती रहती है।अभियान के दौरान सुनसान स्थानों पर बिना कारण खड़े मिले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान की जांच की गई। वहीं बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया गया तथा व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और गुंडे-बदमाशों पर पुलिस की लगातार नजर है। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की।पुलिस का कहना है कि आगामी दिनों में भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान और पैदल पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
