विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी गया साढ़े छह लाख का ट्रैक्टर बरामद

शहडोल जिले के गोहपार क्षेत्र से मिला चोरी का वाहन, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए साढ़े छह लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी गए वाहन को शहडोल जिले के गोहपार थाना क्षेत्र से जब्त कर लिया है। हालांकि, इस वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की तलाश अभी जारी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खजुरा निवासी 75 वर्षीय शंभू शिवहरे का स्वराज कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर (क्रमांक MP-54-ZB-1318) 21 जून को ग्राम हिनौता में ट्रैक्टर चालक राजेंद्र केवट के घर के सामने से चोरी हो गया था। ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने विशेष टीम गठित कर वाहन की तलाश शुरू कराई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 25 जून को शहडोल जिले के गोहपार थाना क्षेत्र में दबिश देकर चोरी गए ट्रैक्टर को बरामद कर लिया।पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और अब चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी तथा आरक्षक पप्पू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *