इंदौर में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर एक बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। जिसमें चंदन नगर पुलिस ने करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। खास बात ये है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में डिलीवरी बॉय भी शामिल थे।
दरअसल मामला तब सामने आया जब Amazon के डिलीवरी पार्टनर ‘NTEX’ कंपनी को अपने स्टॉक में गड़बड़ी नजर आई… इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में खुलासा हुआ कि डिलीवरी बॉय दीपक मोहेर और प्रवीण सिंह, जयपुर के मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता के साथ मिलकर इस पूरे फ्रॉड को अंजाम दे रहे थे। आरोपी एप्पल कंपनी के महंगे प्रोडक्ट्स जैसे आईपॉड और एप्पल पेंसिल ऑर्डर करते थे। डिलीवरी के दौरान ये आरोपी असली सामान निकाल लेते थे और उसकी जगह नकली प्रोडक्ट्स पैक कर देते थे। इसके बाद ऑर्डर को रिजेक्ट दिखा दिया जाता था। गिरोह की साजिश यहीं खत्म नहीं होती थी। आरोपी 5 SIM वेबसाइट से वर्चुअल नंबर लेकर फर्जी आईडी बनाते थे ताकि उनकी पहचान छुपी रहे। इसके बाद असली प्रोडक्ट्स बस के जरिए जयपुर भेजे जाते थे और फिर दिल्ली के करोल बाग में इन्हें बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। जिसमें चंदन नगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जयपुर में दबिश देकर मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे जल्द सामने आ सकते हैं।
