
कटनी : शहर की सड़कों के निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। बरसात शुरू होते ही शहर में जगह-जगह सड़कें टूटने और धंसने लगी हैं। ताजा मामला कुठला थाना के पास मुख्य मार्ग का है, जहां एक भारी वाहन के गुजरते ही करीब 5 फुट चौड़ी सड़क लगभग 4 फुट नीचे धंस गई।
बताया जा रहा है कि सीवर लाइन डालने के बाद उसे पाटने में घटिया निर्माण किया गया, जिससे सड़क कमजोर हो गई। वहीं सीवर लाइन डालने वाली एजेंसी के लोगों ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह काम पहले के ठेकेदार ने किया था, हमने नहीं!!
अब सवाल यह है कि निर्माण किसी ने भी किया हो, क्या नगर प्रशासन उस वक्त सो रहा था? उसे अपने शहर में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई लेना देना नहीं था।
ये शहर हमारा है, यहाँ हमें हमेशा रहना है, तो क्या हमारा ये दायित्व नहीं है, कि कोई बाहरी एजेंसी यदि यहाँ आकर कोई काम करे तो उसकी निगरानी हम ठीक ढंग से करें, ना कि ऐसा होना चाहिए कि उस बाहरी एजेंसी द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार में हम उसके कंधे से कंधा मिलाकर साथ में खड़े हो जाएं।
देखना होगा कि ऐसे गंभीर मामलों की तकनीकी जांच कराई जाती है या नहीं? अगर नहीं तो ये साबित हो जाएगा कि इस भ्रष्टाचार में हमारा स्थानीय प्रशासन भी बराबर का भागीदार है। और यदि जाँच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर उचित कार्यवाही हो?
