जैन नर्सरी स्कूल का शानदार परिणाम: प्राची गर्ग ने जिले की टॉप-10 में बनाई जगह

कटनी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया अध्याय लिखते हुए कटनी के बालाजीनगर स्थित जैन नर्सरी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा प्राची गर्ग ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 500 में से 489 अंक प्राप्त कर 97.8 प्रतिशत अंक हासिल किए और जिले की टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्राची गर्ग, राकेश दत्त गर्ग की सुपुत्री हैं। उनकी सफलता की सबसे प्रेरणादायक बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी अतिरिक्त कोचिंग के केवल विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी कठिन मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की। यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस स्कूल में कक्षा 10वीं की प्राची गर्ग, प्रियंका प्रजापति, सौरभ पटेल तथा कक्षा 12 वीं के अर्थव गुप्ता, अश्विन रैकवार, राधिका यादव इत्यादि विद्यार्थियों ने रैंकिंग हासिल की, इस तरह विद्यालय का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को दर्शाता है। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा सभी मेधावी विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक प्रकाश जैन, प्राचार्या श्रीमती वर्षा जैन, कोषाध्यक्ष ए.पी. चतुर्वेदी एवं उप-प्राचार्य परम जैन ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
यह परिणाम सिद्ध करता है कि जैन नर्सरी स्कूल न केवल शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाने का कार्य भी करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *