
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अगस्त की शाम करीब 7 बजे की है। पीड़िता गल्ला मंडी स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में शौच के लिए गई थी। आरोप है कि उसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला धनराज उर्फ धन्नू चौधरी वहां पहुंचा, कॉम्प्लेक्स का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ कुठला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 691/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 127(2) एवं 351(3) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी धनराज उर्फ धन्नू चौधरी (28), निवासी पन्नी कॉलोनी, थाना कुठला को 6 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, अनिल यादव, प्रतीक्षा सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक सविता तिवारी, आरक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
