
158 बकरा-बकरी का क्रूरतापूर्वक परिवहन पकड़ा, चार आरोपी गिरफ्तार
कटनी। जिले में पशुओं के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ कुठला पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 158 नग बकरा-बकरी से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रक में क्षमता से अधिक संख्या में पशुओं को भूखे-प्यासे और अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार पशुओं की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पूछताछ में इन्हें हैदराबाद ले जाने की बात सामने आई है।पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों तथा पशुओं के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्यवाही की।देवडोगरा मोड़ पर घेराबंदी कर पकड़ा ट्रकपुलिस के मुताबिक 20 अगस्त 2026 को कुठला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP20XB8464 में बड़ी संख्या में बकरा-बकरियों को क्रूरतापूर्वक एवं बिना वैध दस्तावेजों के भरकर पटेहरा की ओर से कटनी लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने देवडोगरा मोड़ के पास घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर 158 नग बकरा-बकरी मिले। पुलिस के अनुसार पशुओं को क्षमता से अधिक संख्या में ठूंसकर रखा गया था। पशुओं के लिए पर्याप्त जगह, भोजन और पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पूछताछ के दौरान वाहन में मौजूद लोग पशुओं के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।हैदराबाद ले जाने की बात आई सामनेपुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पशुओं को हैदराबाद ले जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे सभी 158 बकरा-बकरियों को विधिवत जप्त कर लिया। पशुओं को सुरक्षित देखरेख के लिए हिफाजतनामा पर सुपुर्द किया गया तथा उनका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक अफसर उर्फ राजा पिता स्व. असगर शाह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मस्जिद के पास स्लीमनाबाद, बल्लू वर्मन पिता भगवानदास वर्मन, उम्र 34 वर्ष, निवासी बाबली मोहल्ला कन्हवारा, रजी पिता आसिफ खान, उम्र 18 वर्ष, निवासी बरंगवा मस्जिद के पास, थाना माधवनगर तथा सुनील कुशवाहा पिता रामाधार कुशवाहा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम हरदुआ, थाना स्लीमनाबाद को गिरफ्तार किया है।पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकुठला पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 742/26 दर्ज करते हुए धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा धारा 66/192(ए), 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए आगे की विधिसम्मत कार्यवाही शुरू कर दी है।
सिर्फ वाहन पकड़ना पर्याप्त नहीं, नेटवर्क तक पहुंचना जरूरी
इस मामले ने पशुओं के अवैध परिवहन के पीछे सक्रिय संभावित नेटवर्क पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह बड़ी संख्या में पशुओं को एक जिले से दूसरे राज्य तक ले जाने की तैयारी की जा रही थी, उससे यह आशंका भी सामने आती है कि इसके पीछे स्थानीय स्तर से लेकर अंतरराज्यीय स्तर तक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।विशेषज्ञों और पशु संरक्षण से जुड़े लोगों का मानना है कि केवल परिवहन में इस्तेमाल वाहन और मौके पर पकड़े गए लोगों तक कार्यवाही सीमित न रहकर पशुओं की खरीद, परिवहन, मध्यस्थों, वाहन मालिकों और अंतिम गंतव्य तक जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जानी चाहिए। यदि जांच में तथ्य सामने आते हैं तो उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों तक फैले संभावित नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगालना आवश्यक होगा, ताकि इस तरह के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीयसम्पूर्ण कार्यवाही निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा, सुनील पाण्डेय, आरक्षक शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
