राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश का परचम, ओवरऑल चैंपियन बनकर रचा इतिहास

भोपाल/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जिससे पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने अद्भुत प्रतिभा, अनुशासन और संघर्ष का परिचय देते हुए प्रतियोगिता के सभी चार वर्गों में चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की। टीम ने कुल 39 पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की, जिनमें 25 स्वर्ण, 11 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि देशभर में मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा और जलक्रीड़ा के क्षेत्र में बढ़ते वर्चस्व का प्रमाण है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता प्रदेश में विकसित हो रही आधुनिक खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों को मिल रही बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। पिछले कुछ वर्षों में जलक्रीड़ा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने लगातार उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसका असर अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
प्रदेश के खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और खेल संगठनों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश जल क्रीड़ा अकादमी की भूमिका की व्यापक सराहना की जा रही है।
मध्यप्रदेश ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा को उचित अवसर और संसाधन मिलें तो वह राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर सकती है। जलक्रीड़ा के मानचित्र पर मध्यप्रदेश की यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *