
कटनी। नई बस्ती स्थित नगर की ऐतिहासिक धरोहर एवं शहीदों की स्मृति के प्रतीक रहे शहीद द्वार को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में व्याप्त आक्रोश के बीच समाजसेवी अजय सरावगी ने कोतवाली थाना पहुंचकर अज्ञात भारी वाहन चालक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी वाहन की पहचान कर सख्त वैधानिक कार्यवाही की मांग की है।
ज्ञात हो कि गत रात्रि शहीद द्वार को किसी अज्ञात भारी वाहन द्वारा टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किए जाने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद जनहानि की संभावना को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जर्जर हो चुके द्वार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्यवाही के बाद क्षेत्रीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
समाजसेवी अजय सरावगी ने कोतवाली थाना प्रभारी को सौंपे गए आवेदन में मांग की है कि घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच कर उस वाहन की पहचान की जाए, जिसने इस ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचाया। साथ ही दोषी वाहन चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करते हुए क्षतिपूर्ति राशि वसूली जाए।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि शहीदों की स्मृति से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रतीक के पुनर्निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि नगर की ऐतिहासिक पहचान को पुनः स्थापित किया जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहीद द्वार केवल एक निर्माण नहीं था, बल्कि देश के वीर सैनिकों के बलिदान की याद दिलाने वाला गौरवशाली स्मारक था। ऐसे में इसकी क्षति के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
अब लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर वह कौन सा वाहन था, जिसकी वजह से नगर की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर हमेशा के लिए मिट गई।
