“पहली ही बारिश में बह गए नगर निगम के दावे, … कहीं जलभराव तो कहीं धंस गई नई सड़क।”

कटनी : कटनी में मानसून की पहली अच्छी बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पूरी पोल खोलकर रख दी है। महीनों तक नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के दावे करने वाला निगम पहली ही बारिश में बेबस नजर आया। शहर की सड़कें तालाब बन गईं, नालियां उफनकर सड़कों पर बहने लगीं और लाखों की लागत से बनी नई सड़कें भी जगह जगह धंस गईं। सवाल यह है कि जब पहली बारिश में शहर का यह हाल है, तो पूरे मानसून में जनता का क्या होगा?

ये तस्वीरें कटनी शहर की हैं… जहां कुछ घंटों की बारिश ने विकास के तमाम दावों की हकीकत सामने ला दी। गायत्री नगर रोड, बरगवां, माधव नगर गेट, जिला अस्पताल मार्ग, बस स्टैंड और कई अन्य इलाकों में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि सड़क और नाले का फर्क तक खत्म हो गया।

हालात सिर्फ जलभराव तक सीमित नहीं रहे। कई जगह हाल ही में बनी सड़कें पहली ही बारिश में धंस गईं। सड़क के धंसते ही वाहन उसमें फंसने लगे और हादसों का खतरा बढ़ गया। जिस सड़क को लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया था, वही अब परेशानी का कारण बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले सोशल मीडिया और शिकायतों के माध्यम से नगर निगम को कई बार चेताया गया था कि नालों की सफाई अधूरी है और कई स्थानों पर जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजा… पहली ही बारिश में पूरा सिस्टम जवाब दे गया।हर साल करोड़ों रुपये नालों की सफाई और बारिश पूर्व तैयारियों के नाम पर खर्च किए जाते हैं। सवाल यह है कि अगर सफाई हुई थी, तो पहली ही बारिश में पानी सड़कों पर क्यों भर गया? अगर सड़कें गुणवत्ता के साथ बनाई गई थीं, तो पहली बारिश में ही क्यों धंस गईं?

आखिर जनता के पैसे का हिसाब कौन देगा?जलभराव के कारण दुकानों का कारोबार प्रभावित हुआ, राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और वाहन चालकों को घंटों जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि हर साल वही वादे, वही दावे और पहली बारिश के साथ वही बदहाल तस्वीरें सामने आ जाती हैं।

पहली ही बारिश ने नगर निगम की तैयारियों पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन इन बदहाल व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए जमीन पर काम करता है या फिर हर साल की तरह इस बार भी जनता सिर्फ आश्वासनों का इंतजार करती रह जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *