उफनते पानी में फंसी कार, बाल-बाल बची जान


तेज बहाव में फंसी कार, पुल के नीचे जान जोखिम में डालकर निकला चालक

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब आफत का रूप लेने लगी है। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हुए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा मामला नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव-परमहंसी मार्ग का है, जहां उफनते पानी के बीच पुल के नीचे से कार निकालने की कोशिश भारी पड़ गई। तेज बहाव में कार फंस गई और कुछ ही देर में आधी से ज्यादा पानी में डूब गई।

घटना गोटेगांव से परमहंसी जाने वाले मार्ग की है। लगातार बारिश के चलते पुल के नीचे पानी का तेज बहाव था, लेकिन चालक ने खतरे को नजरअंदाज करते हुए कार को पानी में उतार दिया। जैसे ही वाहन पुल के नीचे पहुंचा, बहाव इतना तेज था कि कार बीच रास्ते में ही फंस गई।

देखते ही देखते पानी का स्तर बढ़ने लगा और कार आधे से ज्यादा हिस्से तक डूब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि समय रहते कार सवार सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।

बारिश के मौसम में प्रशासन लगातार लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद लापरवाही के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

मानसून के इस दौर में थोड़ी सी जल्दबाजी और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में प्रशासन की चेतावनी का पालन करना और जलभराव वाले रास्तों से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *