
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक पिस्टल और तीन धारदार चाकू के साथ तीन आरोपियों तथा एक विधि उल्लंघनकारी बालक को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 18 जून की रात्रि गश्त के दौरान यह कार्यवाही की गई।
पुलिस को ग्राम पिलौंजी के पिलौंजी मोड़ पर आदर्श कुशवाहा (22) निवासी कन्हवारा संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी क्रम में ट्रांसपोर्ट नगर एवं इंद्रानगर पुल के पास से अनुराग पटेल (22) निवासी कुठला बस्ती तथा आर्यन निषाद (21) निवासी खिरहनी फाटक के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए। वहीं इंद्रानगर स्थित बैंकटेस धर्मशाला के समीप एक 17 वर्षीय विधि उल्लंघनकारी बालक के कब्जे से भी एक धारदार चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधि उल्लंघनकारी बालक को विधिक प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल एवं तीन धारदार चाकू जब्त किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, अनिल यादव, सहायक उप निरीक्षक श्याम नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, शिवशंकर दुबे, ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, राहुल मिश्रा तथा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
