
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त
कटनी, 1 जुलाई । सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राज सिंह ठाकुर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर सात दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में जारी स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मई 2026 में प्राप्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की 16 शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया। परिणामस्वरूप सभी शिकायतें बिना निराकरण के उच्च स्तर पर अंतरित हो गईं। इस लापरवाही के कारण स्वास्थ्य विभाग को 10 अंकों के वेटेज में केवल 9.85 अंक प्राप्त हुए, जिससे न केवल विभागीय प्रदर्शन प्रभावित हुआ, बल्कि जिले की समग्र ग्रेडिंग पर भी प्रतिकूल असर पड़ा।
नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता तथा शासन की जनसेवा संबंधी व्यवस्था के प्रति लापरवाही का परिचायक है। इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर लापरवाही के संबंध में सात दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया जाए। अन्यथा आगामी माह के वेतन से कटौती सहित नियमानुसार एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को पुनः निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा के भीतर तथ्यपरक, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
