
कटनी : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कटनी में भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा तय की गई।
कटनी के भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में जिला अध्यक्ष दीपक टण्डन और जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विशेष जनसंपर्क अभियान और मीडिया संवाद जैसे कार्यक्रमों की रणनीति बनाई गई।
बैठक में जिला टोली, मंडल टोली, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न प्रभारियों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
भाजपा द्वारा 5 जून से 21 जून तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण से लेकर स्वास्थ्य एवं योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
