
कटनी में यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘आपका सारथी कौन’ अभियान के तहत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को विशेष QR कोड और चालक बैच वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य चालकों की पहचान सुनिश्चित करना, उनकी जवाबदेही बढ़ाना और यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।
थाना यातायात कटनी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में 100 से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को QR कोड और चालक बैच वितरित किए गए।
यातायात पुलिस ने चालकों के साथ संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन की जानकारी भी दी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किए गए QR कोड को स्कैन करने पर संबंधित चालक और वाहन की आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
इससे यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी तथा किसी भी स्थिति में चालक की पहचान आसानी से सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
“ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हमारा उद्देश्य केवल वैधानिक कार्यवाही करना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाना है। QR कोड और चालक बैच व्यवस्था से पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा विशेष रूप से महिला यात्रियों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।”
यातायात पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता और जनसहभागिता आधारित अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि कटनी में सुरक्षित, अनुशासित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।
