बिलहरी स्कूल में बवाल! महिला प्राचार्य से कथित मारपीट, पुलिस से भी भिड़ा शिक्षक

कटनी जिले के बिलहरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निलंबन आदेश मिलने के बाद एक शिक्षक पर महिला प्राचार्य से कथित मारपीट और पुलिस से धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा। घटना के बाद स्कूल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामला बिलहरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक वरुण नायक शासकीय सेवा में पदस्थ रहते हुए कटनी कलेक्ट्रेट में हुए धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसी आधार पर जिला प्रशासन द्वारा उनके निलंबन का आदेश जारी किया गया। आरोप है कि निलंबन आदेश मिलते ही शिक्षक ने उसे फाड़ दिया और इसके बाद महिला प्राचार्य रेखा तिवारी से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ा कि कथित मारपीट की नौबत आ गई। घटना के दौरान स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं व शिक्षकों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस द्वारा शिक्षक को काबू में लेने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक वरुण नायक को हिरासत में ले लिया।

घटना में घायल महिला प्राचार्य रेखा तिवारी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वहीं ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस स्कूल स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। घटना के बाद शिक्षा विभाग और जिलेभर के शिक्षकों के बीच इस मामले की व्यापक चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *