ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात पुलिस का शिकंजा, तीन वाहन जब्त, 16 चालानी कार्रवाई

कटनी। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कटनी यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में बिलहरी नाका सहित विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर वाहनों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के तीन मामले सामने आए। इनमें वाहन क्रमांक DL-1-LR-9214 के चालक गजराज सिंह, MP-21-G-2776 के चालक सोनू कुशवाहा और MP-13-ZH-4198 के चालक विकास कुमार यादव के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं वाहन क्रमांक MP-21-G-2683 को ओवरलोडिंग के मामले में पकड़ा गया।

इसके अलावा अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित ऊंचाई से अधिक माल लादने, नियमानुसार पंजीयन नंबर प्रदर्शित नहीं करने और यातायात बाधित करने जैसे उल्लंघनों पर कुल 16 चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सड़क पर लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं, क्योंकि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *