शराब के लिए रुपये देने से किया इनकार तो डंडों से पीटा, बड़वारा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

कटनी। शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट करने के मामले में बड़वारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर एक ग्रामीण के साथ डंडों से मारपीट करने और गाली-गलौज करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलैया ठाकुर निवासी 45 वर्षीय तुलसीदास राव ने 12 नवंबर को थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था। तभी गांव के विमल सिंह रघुवंशी और अंकित सिंह रघुवंशी वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगे।फरियादी ने मजदूर होने और पास में पैसे नहीं होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में फरियादी के दोनों हाथों, बाएं पैर की पिंडली, कमर के बाईं ओर और बाएं कान के पीछे चोटें आईं।शिकायत के आधार पर बड़वारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 663/2026 के तहत बीएनएस की धारा 119(1), 296(बी), 351(2), 115(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने 13 नवंबर को विमल सिंह रघुवंशी (25 वर्ष) और अंकित सिंह रघुवंशी (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सलैया ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।इनकी रही कार्रवाई में भूमिका: पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित सहायक उप निरीक्षक रामनाथ साकेत, प्रताप सिंह, रघुवीर सिंह, महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नीतेश डोंगरे एवं वीरेन्द्र चढ़ार की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *