
कटनी। जिला जेल कटनी के मुख्य द्वार पर पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए तीनों आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फरारी की घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने पहले एक आरोपी को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया था, जबकि शेष दो आरोपियों को भी संभावित ठिकानों पर दबिश और घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य की मॉनिटरिंग में माधवनगर एवं बहोरीबंद थाना पुलिस ने संयुक्त प्रयासों से यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश वाल्मीकि (45 वर्ष), रंजीत वाल्मीकि (26 वर्ष) और अभिषेक वाल्मीकि (22 वर्ष), तीनों निवासी बिछियाकाप, थाना बहोरीबंद के रूप में हुई है।बताया गया कि तहसीलदार न्यायालय बहोरीबंद द्वारा बीएनएस की धारा 170 एवं 126 के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के जेल वारंट जारी किए गए थे। जिला जेल में दाखिल कराने की प्रक्रिया के दौरान तीनों आरोपी मुख्य गेट के बाहर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे।घटना के बाद पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। इसमें रंजीत वाल्मीकि को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बाकी दोनों आरोपियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में तीनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1185/26, धारा 262 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
