कन्हवारा शिव मंदिर के पीछे अवैध उत्खनन का आरोप

कटनी जिले के कन्हवारा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पीछे अवैध खनन किए जाने के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय मजदूरों के जरिए पहाड़ी से काले पत्थर यानी आयरन ओर का उत्खनन किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक शिव मंदिर और तालाब के पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध उत्खनन का काम किया जाता है। उनका दावा है कि मशीनों की बजाय मजदूरों को लगाकर खनन कराया जाता है, जिससे गतिविधियां ज्यादा चर्चा में न आएं। स्थानीय लोगों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो और वीडियो में पहाड़ी का हिस्सा खोदा हुआ तथा पत्थरों का ढेर दिखाई देने का दावा किया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। उनका कहना है कि अवैध उत्खनन से मंदिर परिसर, तालाब और आसपास के पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और खनिज विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

मामले में ग्राम पंचायत सचिव नरेश पटेल ने कहा कि उन्हें इस संबंध में फिलहाल जानकारी नहीं है और वे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएंगे। वहीं सरपंच और मंदिर के मुख्य पुजारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष समाचार तैयार होने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनके जवाब मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *