कुठला पुलिस की बड़ी सफलता, 15 हजार और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्त में।

कटनी : जिले के कुठला थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार 5 जून की रात चाका निवासी 63 वर्षीय नूर अहमद खान कटनी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निगम भट्ठा के सामने पुरैनी मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की, जिससे वे सड़क किनारे गिर गए। इसके बाद बदमाश उनकी जेब में रखे 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कुठला थाना में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल चौहान निवासी इंद्रानगर और बबला उर्फ बबूल निषाद निवासी आधारकाप मछरियान डेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में कुठला थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि अपराध कर कानून से बच पाना आसान नहीं है। पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है और आमजन की सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *