जिला बदर के दो आदतन अपराधियों को पुलिस ने सीमावर्ती जिलों से किया निष्कासित

Oplus_16908288

कलेक्टर के आदेश पर कुठला पुलिस की कार्रवाई, पांच जिलों की सीमा से किया गया बाहर

कटनी। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुठला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन अपराधियों को जिला बदर आदेश के तहत कटनी सहित सीमावर्ती जिलों की सीमा से बाहर निष्कासित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना कुठला द्वारा आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही प्रस्तावित की गई थी। पुलिस द्वारा तैयार प्रकरण पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कटनी को भेजा गया था।

जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार आदतन अपराधी जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी निवासी पुरैनी थाना कुठला तथा अरविन्द चौधरी निवासी शंकरगढ़ पहरुआ थाना कुठला को जिला कटनी सहित दमोह, उमरिया, पन्ना एवं मैहर जिले की राजस्व सीमाओं से निर्धारित अवधि के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को कुठला पुलिस ने जिला बदर आदेश का विधिवत पालन कराते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस बल की उपस्थिति में प्रतिबंधित जिलों की सीमा से बाहर निष्कासित किया। पुलिस ने आरोपियों को आदेश की शर्तों से अवगत कराते हुए निर्धारित अवधि तक प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी के विरुद्ध सट्टा संचालन, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं अरविन्द चौधरी के खिलाफ चोरी, मारपीट, बलात्कार सहित अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल निर्मित हो रहा था।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जिला दंडाधिकारी ने जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी को पांच माह तथा अरविन्द चौधरी को चार माह की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश पारित किया। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र की सीमा के बाहर छोड़ते हुए जिला बदर की शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया।

थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया ने बताया कि यदि किसी भी आरोपी द्वारा जिला बदर आदेश का उल्लंघन किया जाता है तो उसके विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, विद्यानंद मिश्रा, आरक्षक सुरेश कोरी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *