कैमोर में आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा की शुरुआत, ममता आई केयर क्लिनिक एवं ब्रांडेड ऑप्टिकल का शुभारंभ

कैमोर/विजयराघवगढ़। कैमोर नगर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ममता आई केयर क्लिनिक एवं ममता द ब्रांडेड ऑप्टिकल का विधिवत शुभारंभ किया गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अब नेत्र परीक्षण, परामर्श, उपचार तथा ब्रांडेड चश्मों की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे, संता विश्वकर्मा, शेरा मिश्रा, विपिन पटेल, आचार्य हनुमान प्रसाद पाण्डेय, डॉ. प्रियांश जैन, राजेंद्र मौर्य, देव मौर्य, शनिराज पटेल, डॉ. रवि उर्मालिया सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि कैमोर नगर में आधुनिक नेत्र चिकित्सा एवं ऑप्टिकल सेवाओं की उपलब्धता क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अब आंखों की जांच, परामर्श और गुणवत्तापूर्ण चश्मों के लिए लोगों को अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
संस्थान की संचालक डॉ. शारदा साहू ने बताया कि क्लिनिक में आधुनिक उपकरणों की सहायता से आंखों की जांच की जाएगी तथा विभिन्न नेत्र रोगों के संबंध में विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए विभिन्न श्रेणियों के उच्च गुणवत्ता वाले ब्रांडेड चश्मे भी उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शारदा साहू एवं उनके परिवार द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे और उन्होंने इस नई स्वास्थ्य सुविधा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय नागरिकों ने इसे कैमोर नगर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर क्षेत्रवासियों के जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *