
कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिघनपुरा के ग्राम बकेली में मंदिर परिसर से संचालित एक निजी क्लीनिक की शिकायत मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर जांच की। जांच के दौरान क्लीनिक में रखी दवाइयों एवं अन्य चिकित्सा सामग्री का परीक्षण किया गया तथा पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार सिंगौड़ी राजेन्द्र श्रीवास्तव एवं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित जांच दल ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त क्लीनिक में सी.पी. सिंह नाहर एवं भूपेन्द्र सिंह नाहर द्वारा मरीजों का उपचार एवं मेडिकल प्रैक्टिस की जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्लीनिक में उपलब्ध एलोपैथिक दवाइयों एवं अन्य चिकित्सा सामग्री की विस्तृत जांच की। टीम ने दवाइयों का विवरण तैयार करते हुए उपलब्ध सामग्री की सूची बनाई और नियमानुसार उसे जब्त कर लिया। पूरी प्रक्रिया का पंचनामा भी तैयार किया गया।
जांच दल द्वारा संबंधित प्रैक्टिशनरों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी तीन दिवस के भीतर मेडिकल प्रैक्टिस एवं क्लीनिक संचालन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में बिना वैध अनुमति या आवश्यक दस्तावेजों के संचालित चिकित्सा संस्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। आमजन को सुरक्षित और मानक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी।
