
देवास के टोंककला पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। हादसे में घायल दो और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद देवास पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
देवास के टोंककला क्षेत्र में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। हादसे में घायल मजदूरों का इलाज अमलतास अस्पताल और जिला चिकित्सालय में जारी है। इसी बीच इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 5 पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और अवैध संचालन की गंभीरता से जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की बात भी मुख्यमंत्री ने कही है।
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्यवाही पर टिकी हैं।
